Skip to main content

बरेली: बेमौसम बारिश और तेज हवा से गेहूं सरसों की फसलें हुई प्रभावित

बरेली: बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं की कटान का समय आ रहा है। फसले पक चुकी है। ऐसे में बारिश और तेज हवा चलने से गेहूं, सरसों की फसल गिर गई है। इस बारिश से केवल गन्ने को फायदा है। शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश और करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने खेतों में गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाया। वैज्ञानिकों ने दो दिन मौसम खराब रहने का अलर्ट दिया है। नवाबगंज के कपूरपुर निवासी हरीश राजपूत ने बताया कि खेतों में कटी सरसों की फसल बारिश में भीग गई है। धूप नही खिली तो फफूंद आ जाएगी। शेरगढ़ के नगरिया कला, डेलपुर, नूराबाद समेत आसपास के कई गांवों में गेहूं और सरसों खेतों में गिर गई। पिपौली के महेंद्र व जागन लाल बोले-किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। आंवला के सुंदरलाल, रामसेवक आदि का कहना है जब किसानों की मेहनत का फल मिलता तो कुदरत कहर बरसा रही है। अलीगंज के मोहित शर्मा, राहुल, सचिन ने बताया पोस्तो की फसल में चीरा लगा है। बारिश से चीरा से निकली दूध (अफीम) धुल जाने से नुकसान हुआ है। जिला कृषि अधिकारी ऋऋतुषा तिवारी ने भी किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि यदि गेहूं की फसल गिर गई है, तो उसमें अभी सिंचाई बिल्कुल न करें, क्योंकि अधिक नमी से जड़ें कमजोर होकर पौधा पूरी तरह सड़ सकता है।।

News Category