Uttrakhand: नैनीताल घूमने निकला परिवार काल के गाल में समाया, गहरी खाई में गिरी कार; दो मासूम समेत 5 की दर्दनाक मौत
नैनीताल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। भवाली बाईपास स्थित सेनिटोरियम के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों और चालक समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खटीमा निवासी परिवार गर्मियों की छुट्टियां मनाने नैनीताल आया हुआ था। रविवार को परिवार कार से भवाली बाईपास क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार महिला, पुरुष, दो मासूम बच्चे और चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी को भवाली के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
- Log in to post comments
- 4 views