बरेली सीएम डैशबोर्ड समीक्षा: डीएम अविनाश सिंह सख्त, रैंकिंग सुधार और योजनाओं की प्रगति को लेकर दिए निर्देश
संक्षिप्त :
बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में ज़िलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद की रैंकिंग प्रभावित करने वाले इंडीकेटर्स पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति तेज़ करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, कृषि, ग्राम्य विकास समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा कर पोर्टल पर समय से प्रगति अपलोड करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने पर ज़ोर दिया।
डीएम ने कहा _ “काम में ढिलाई नहीं, बल्कि परिणाम दिखने चाहिए”
बरेली। जनपद की विकास योजनाओं को गति देने और सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विकास विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन छह प्रमुख इंडीकेटर्स पर विशेष फोकस किया गया, जिनकी वजह से जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि “काम में ढिलाई नहीं, बल्कि परिणाम दिखने चाहिए”, ताकि शासन स्तर पर बरेली की स्थिति और मजबूत हो सके।
शासन को सही व पारदर्शी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने पर डीएम का ज़ोर
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, विद्युत विभाग, उद्यान, ग्राम्य विकास, कृषि समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति निर्धारित समय के भीतर पोर्टल पर अपलोड की जाए, जिससे शासन को सही और पारदर्शी रिपोर्ट उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में “समय की चाल के साथ कदम मिलाना” बेहद आवश्यक है।
विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
सीएमआईएस पोर्टल से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कर शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
- Log in to post comments
- 4 views