उत्तराखंड भर्ती परीक्षा अपडेट: रद्द परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला, आयोग ने घोषित की नई तिथि
देहरादून: उत्तराखंड में पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार अब यह परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह वही परीक्षा है जो 21 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी, लेकिन नकल के मामले सामने आने के बाद इसे निरस्त करना पड़ा था। इस फैसले के बाद प्रदेशभर में युवाओं का आक्रोश देखने को मिला था और कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद पूरी परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी, ताकि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
इस भर्ती परीक्षा के तहत पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर चयन किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद छात्रों के बीच पहुंचकर CBI जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद मामले में सख्त कार्रवाई भी की गई।
लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत भरी खबर है। अब उम्मीदवारों को दोबारा तैयारी का मौका मिलेगा और उम्मीद की जा रही है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी
- Log in to post comments
- 11 views