Skip to main content

SSP अनुराग आर्य की बड़ी कार्रवाई:लापरवाही बरतने पर गौवंश अवशेष मामले में 7 पुलिसकर्मी निलंबित

RGANews Bareilly 

इज्जतनगर क्षेत्र में लापरवाही उजागर होने पर कड़ा एक्शन, विभागीय जांच भी शुरू

बरेली: में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर चौधरी में नाले में गौवंशीय अवशेष मिलने के मामले में पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आने पर 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह मामला मु0अ0सं0 230/2026 के तहत धारा 3/8 गौवध निवारण अधिनियम में दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय की रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। रिपोर्ट के आधार पर SSP ने बिना देरी किए सख्त प्रशासनिक कदम उठाया।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में 2 उपनिरीक्षक, 4 हेड कांस्टेबल और 1 कांस्टेबल शामिल हैं। इनमें उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल मो. सलीम, पप्पूराम, मनोज कुमार, सर्वेश कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार के नाम शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ढिलाई बरतने वाले कर्मियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।