बरेली: ऑनलाइन गेमिंग सट्टा एप से लाखों रुपये की ठगी, बरेली में दो आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के सरगना की तलाश
RGANews Bareilly
बरेली में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा एप से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गिरोह के सदस्य हैं। इस गिरोह ने देशभर में लाखों रुपये की ठगी है। गिरोह का सरगना अहलादपुर निवासी शिवम है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
बरेली में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा एप से देश भर में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस लाइन में एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी दी कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी डीके शर्मा की टीम ने नवाबगंज निवासी सूर्या पटेल और भुता के निवासी विनीत को मीडिया के सामने पेश किया।
गेमिंग एप पर लगवाते थे सट्टा
एसपी क्राइम ने बताया कि यह दोनों आरोपी गिरोह के सदस्य हैं, इनका सरगना शिवम है। जो इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अहलादपुर का निवासी है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इन तीनों ने महाकाल, महादेव और एसआरएस पटेल नाम से गेमिंग एप बना रखे थे। यह लोगों से रुपये लेकर एप की आईडी बना देते थे और क्रिकेट मैच पर लाखों के दांव लगाए जाते थे। प्रतिदिन दो से ढाई लाख रुपये के दांव यह लोग लगाते थे। लोगों को जीतने पर रकम का भुगतान करते थे लेकिन जब कोई ज्यादा बड़ी रकम जीत जाता था तो उसका भुगतान फंसा देते थे।
सरगना पर 15 रिपोर्ट हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक शिवम वर्ष 2022 से सट्टे का धंधा कर रहा है और एनसीआरबी की वेबसाइट पर उसके खिलाफ इस तरह की ठगी करने की करीब 15 रिपोर्ट दर्ज हैं। साइबर थाना पुलिस ने प्रतिबिंब एप के जरिए इन दोनों को चिन्हित किया और गिरफ्तारी कर ली। इनके कब्जे से कई आधार कार्ड, आईडी और क्यूआर स्कैन कोड और ठगी से संबंधित सामान मिला है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
- Log in to post comments
- 11 views