Skip to main content

सपा पार्टी के अध्यक्ष बोले- भाजपा राज में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई चरम सीमा पर; कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट

RGANews Lucknow 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई। किसानों और उद्योगों की समस्या गिनाई। युवाओं से 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान किया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा को सौदागर बताते हुए उस पर सब कुछ बेचने और मुनाफाखोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे भ्रष्टाचार और महंगाई दोनों बढ़ रही हैं, जिससे बेरोजगारी भी चरम पर है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार निवेश के बड़े सपने दिखा रही थी, पर कोई निवेश नहीं आया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान से नहीं बल्कि मनविधान से चलती है। सपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में युवा संगठनों की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में यह बात कही। 

।यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती गांव स्तर पर मनाएगी। इस दौरान संविधान पर संकट की चर्चा भी की जाएगी। उन्होंने वर्तमान समय को अमृत काल नहीं, बल्कि संकट काल बताया। उन्होंने संतों की हत्याओं और अपमान पर भी चिंता व्यक्त की। सपा लोकतंत्र को मानती है, जबकि भाजपा एकतंत्र से चलती है।

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा विभाग को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्राइमरी शिक्षा में पढ़ाई नहीं हो रही और गरीब बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाएं भी चरमरा गई हैं। गलत ऑपरेशन हो रहे हैं और मरीजों को पर्याप्त दवा-इलाज नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानवरों को लगने वाली सिरिंज आदमियों के लिए खरीदी जा रही हैं।

कानून व्यवस्था को बताया चौपट

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चौपट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। कानपुर में उद्योग बर्बाद होने और किसानों के संकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। 

कहा कि किसान को आलू का उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर को बर्बादी का कॉरिडोर बताया, जिसकी डिजाइन गलत है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया, जबकि सपा सरकार ने कई प्लांट लगाए थे।

युवाओं से किया बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवा संगठनों की शुक्रवार को हुई बैठक में 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर तक जुटने का आह्वान किया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को युवा शक्ति पर पूरा भरोसा है। समाजवादियों को भाजपा के षड्यंत्रों से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि सतर्क एवं सजग रहकर भाजपा के षड्यंत्र को विफल करना है।

 


 

News Category

Place