लखनऊ: टीकाकरण के बाद बच्चे को आया बुखार, मौत से परिजनों में हड़कंप, कई अन्य बीमार
लखनऊ के मलिहाबाद में टीकाकरण के बाद एक बच्चे को बुखार आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, कई अन्य बच्चे बीमार हैं। उनके परिजनों में हड़कंप है।
रहीमाबाद के गहदो गांव में 6 अप्रैल को टीकाकरण के बाद बुखार से पीड़ित मासूम मोहम्मद उमर (दो माह) को शुक्रवार को नाक से खून आने के बाद उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से घर में कोहराम मच गया। गांव में कई बच्चों का टीकाकरण किया गया था जो कि बुखार से ग्रसित हैं। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।
रहीमाबाद इलाके के गहदो गांव में 6 अप्रैल को माल सीएचसी की आशा बहू शांति टीका लगवाने के लिए मोहल्ले के लोगों को गांव में ही इकट्ठा कर एएनएम द्वारा कई बच्चों का टीकाकरण कराया था जिसमें मोहम्मद उमर के भी टीका लगाया गया।। मोहम्मद उमर के पिता साहिल अहमद ने आरोप लगाते हुए बताया कि टीका लगवाने के बाद से बच्चे को तेज बुखार चढ़ गया था। एएनएम ने बुखार की दवा भी दी थी लेकिन बच्चे की तबीयत मे कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह मोहम्मद उमर की मौत हो गई।
टीकाकरण के बाद ये बच्चे बीमार
गहदो गांव के इमरान (9 माह), अलीजा (18 माह), आकर्ष (18 माह) और पवन कुमार के एक माह के बेटे की टीकाकरण के बाद तबियत बिगड़ी तो परिजन सीएचसी माल लेकर गए थे। बुखार से पीड़ित चार बच्चों का इलाज चल रहा है।
सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ जेपी सिंह ने बताया कि डब्लूएचओ के नियम के तहत जो भी टीके डेढ़ माह में लगाए जाते हैं। वही चार टीके लगाए गए हैं। टीके लगने के बाद बुखार जरूर आता है। एएनएम रमाकांत ने बच्चों को टीका लगाया था। वैक्सीन का साइड इफेक्ट आधा घंटे के बाद होता है। इतने दिन बाद साइड इफेक्ट होने के चांस काफी कम होते हैं।
पिता ने कानूनी कार्यवाही की मांग की
पिता साहिल ने मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक को तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उन्होंने कहा कि मेरे बेटे उमर का टीकाकरण हुआ था। शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करवाकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। मां शबाना ने बताया कि एक बेटा ओमान दो वर्ष का है। जबकि दूसरा बेटा इस दुनिया में नहीं रहा। टीकाकरण करने वाली एएनएम और दवाओं की जांच करके मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।
- Log in to post comments
- 5 views