Skip to main content

बरेली: कोहाड़ापीर में व्यापारियों के समर्थन में उतरी समाजवादी पार्टी , मुआवजे की मांग को लेकर सरकार पर साधा निशाना

RGANews Bareilly 

डॉ. अनीस बेग बोले—एक दिन का नोटिस देकर दुकानों पर कार्रवाई अमानवीय, सपा करेगी बड़ा आंदोलन

बरेली के कोहाड़ापीर क्षेत्र में व्यापारियों के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ सपा नेता डॉ. अनीस बेग के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान डॉ. अनीस बेग ने भाजपा सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि केवल एक दिन का नोटिस देकर दुकानों को तोड़ना पूरी तरह से गलत और अमानवीय कदम है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के व्यापारियों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान भी नष्ट हो गया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया गया है।

सपा नेता ने साफ कहा कि पार्टी हर हाल में व्यापारियों के साथ खड़ी है और उनके हक की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, संजीव यादव, प्रमोद विष्ट, सूरज यादव, गौरव सक्सेना, गजल अंसारी, आरिफ कुरेशी, गुरु प्रसाद काले, रनवीर सिंह, दिनेश यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News Category