Skip to main content

रामनगर: गैस संकट के बीच कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, 34 सिलेंडर बरामद, दो भाई गिरफ्तार

रामनगर में गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गुरुवार देर रात एसडीएम के नेतृत्व में की गई छापेमारी में मोहल्ला खताड़ी क्षेत्र से गैस रिफिलिंग का अवैध धंधा करते दो सगे भाइयों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार एसडीएम गोपाल सिंह चौहान को ब्लॉक रोड स्थित एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान कमरे के भीतर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान मिला।

कार्रवाई के दौरान मौके से इंडेन और भारत गैस एजेंसी के कुल 34 घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट और डीजल बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से अमर उर्फ भल्ला और शहजाद उर्फ शैजी नाम के दो भाइयों को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपियों को कोतवाली ले आई। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले में दो महिलाओं के नाम भी सामने आ रहे हैं, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद ही उनकी भूमिका तय की जाएगी। प्रशासन को शक है कि इस अवैध कारोबार में गैस एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत भी हो सकती है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, खाद्य पूर्ति विभाग को गैस एजेंसी में सिलेंडरों की सप्लाई और वितरण की भी जांच सौंपी गई है।