Jaunpur: स्कूल चलो अभियान के तहत सुल्तानपुर प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव आयोजित
RGANews Jaunpur
मेधावी छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को किया गया सम्मानित, नामांकन बढ़ाने पर जोर
जफराबाद, जौनपुर
प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर के प्रांगण में स्कूल चलो अभियान एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के वर्तमान छात्रों के साथ-साथ पुराने छात्रों की भी सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन में विशेष गरिमा और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जिन छात्रों की उपस्थिति पूरे वर्ष सर्वाधिक रही, उनके अभिभावकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष श्री रामकीर्ति सिंह ने की। इस अवसर पर ब्लॉक सिरकोनी के एआरपी—श्री विनय यादव, श्री विक्रांत जायसवाल, श्री मनोज यादव एवं श्री धर्मेंद्र चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन विद्यालय में कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा किए और विद्यालय के विकास में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती गरिमा सिंह द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती सरिता महेंद्र सिंह एवं श्री शेखर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया। अंत में कार्यक्रम का समापन श्री पवन कुमार सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं रसोइया उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
- Log in to post comments
- 17 views