Skip to main content

Bareilly: एसएसपी अनुराग आर्य ने बेलगाम नवाबगंज पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर को किया सस्पेंड विभाग में हड़कंप

RGANews Bareilly Navabganj
बरेली:नवाबगंज में कानून की चौकी ही जब कटघरे में खड़ी हो जाए तो सवाल पूरे सिस्टम पर उठते हैं। नवाबगंज क्षेत्र में तैनात गाली-बज पुलिस चौकी के इंचार्ज सुनील कुमार पर महिला के साथ शोषण और अमर्यादित व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच बैठा दी। इससे पहले गाली गलौज और अभद्रता करने के आरोप में इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह पर भी कार्रवाई की जाचुकी है।

पीड़िता का आरोप है कि उसका एक युवक से विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत उसने चार महीने पहले पुलिस से की थी। जांच की जिम्मेदारी चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को मिली। यहीं से कहानी ने खतरनाक मोड़ लिया है। इंस्पेक्टर ने महिला को मदद का भरोसा देकर अपने प्रभाव में लिया और फिर अनुचित मांगों का सिलसिला शुरू हो गया।

वीडियो कॉल, अश्लील बातें और धमकियां
महिला के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर फोन और व्हाट्सएप कॉल पर अश्लील बातें करता था। कई बार उसे चौकी बुलाया गया और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई। लगातार दबाव और डर के कारण महिला मानसिक रूप से टूटने लगी।

रिकॉर्डिंग बनी सबूत, SSP तक पहुंची शिकायत
बुधवार को पीड़िता सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। साथ ही आरोपी इंस्पेक्टर के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच सीओ नवाबगंज को सौंपी गई।

प्राथमिक जांच में आरोप सही, चौकी इंचार्ज सस्पेंड
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने कड़ा एक्शन लेते हुए चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को सस्पेंड कर दिया। पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई है, जिसमें आगे और कड़ी कार्रवाई की संभावना है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर और सख्त कार्रवाई होगी