Skip to main content

मुजफ्फरनगर: नोएडा के श्रमिकों के लिए संदेश, 'उचित वेतन मिलेगा', CM योगी ने जिले को 951 करोड़ की सौगात दी

Muzaffarnagar News: सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ और जयंत चौधरी ने मुजफ्फरनगर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने 951 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सीएम योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जनसभा के दौरान एकसाथ मंच साझा किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने 951 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वाले लोगों से सावधान रहें। मैं सभी उद्यमियों से भी अपील करूंगा कि वो श्रमिकों, कार्मिकों के साथ सीधे संवाद स्थापित करें। हमारी सरकार श्रमिकों के साथ है। उद्यमी को सुरक्षा देगी और हर श्रमिक को संरक्षण भी देगी। उनका उचित मानदेय भी देगी, हमने गत वर्ष ही कारपोरेशन गठित कर दिया है। इसके माध्यम से इसी महीने से उसकी सिफारिश लागू होने वाली है। उन्होंने ये बातें नोएडा में हो रहे श्रमिकों के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर कही।

बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं- योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके लिए इस धरती पर कोई स्थान नहीं होगा। याद रखें, जब बंटे थे, तभी कटे थे। आज कांवड़ यात्रा में बैरिकेडिंग नहीं लगती है। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है।

पाकिस्तान पर सीएम योगी ने साधा निशाना

सीएम योगी ने आगे कहा कि पाकिस्तान खाने के लिए मोहताज है और उसको तो भूखों ही मरना है, उसकी नियति में ही मरना लिखा है। दुनिया के तमाम देशों में महंगाई चरम पर है, लेकिन मोदी जी के कारण भारत में पेट्रोलियम पदार्थों का दाम भी नियंत्रित है और जो बाधा है, उसको स्मूथ करके लोगों तक पहुंचाने के लिए भी एक सुरक्षित मार्ग दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन किया।
चौधरी चरण सिंह की 125 जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 23 दिसंबर 2026 को चौधरी चरण सिंह की जयंती के 125 वर्ष हो होंगे। इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। कहा कि आज अधिकांश युवा स्मार्टफोन इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन यदि वे तकनीक का उपयोग उद्योग और नवाचार के लिए करना सीख जाएं तो देश-दुनिया में उनकी मांग बढ़ेगी।

जयंत चौधरी ने कहा- 2014 से पहले देश में स्टार्टअप पर कोई नीति नहीं थी
वहीं, जनसभा को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि देश के इतिहास में 16, 17 और 18 अप्रैल महत्वपूर्ण तिथियां साबित होंगी। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक को महिलाओं के लिए अधिकार दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप पर कोई नीति नहीं थी। सीएम योगी आदित्यनाथ किसानों की हर समस्या को समझते हैं।

News Category