Skip to main content

प्रधानमंत्री ने हरदोई से किया उद्घाटन, बिजाैली में लोगों ने देखा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

Ganga Expressway Inauguration Route Map : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन यूपी के हरदोई से किया। मेरठ के बिजौली में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां 5000 लोगों ने बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण देखा। यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई पहचान बनेगा।

उत्तर प्रदेश के विकास की नई जीवनरेखा कहे जाने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार दोपहर उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री हरदोई में आयोजित मुख्य समारोह से एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करने पहुंचे, इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूपी के उन सभी 12 जिलों में किया गया जहां से यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। मेरठ के बिजौली में गंगा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर एक विशाल पंडाल सजाया गया  जहां करीब 5 हजार लोग इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। 

मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह समेत तमाम भाजपा जनप्रतिनिधि और मेरठ पुलिस प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर इस लाइव प्रसारण को देखा और इस गंगा एक्सप्रेसवे का स्वागत किया।

जिला प्रशासन ने बिजौली में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई ताकि जनता प्रधानमंत्री के संबोधन और उद्घाटन समारोह को सजीव देख सके।

कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।  

प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों की रही भागीदारी 
बिजौली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद के सभी सांसद, विधायक और अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन के साथ-साथ भाजपा संगठन भी पूरी ताकत से जुटा है।
मेरठ के सभी मंडलों से कार्यकर्ता बसों और कारों के जरिए बिजौली पहुंचे जबकि खरखौदा मंडल के कार्यकर्ता निजी वाहनों से कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। स्थानीय निवासियों में गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर जबरदस्त जोश दिखाई दिया। लोगों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे मेरठ और पश्चिमी यूपी के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। किसानों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

News Category