Skip to main content

बरेली: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दौरा: अफसरों की बढ़ी धड़कनें, स्कूल से संप्रेक्षण गृह तक खामियों को परखा

दिशा इंटर कॉलेज में विशेष बच्चों की शिक्षा पर सख्त तेवर, बोलीं- कागज नहीं जमीन पर दिखे काम; रामगंगानगर में संतोष गंगवार संग करेंगी स्कूल का उद्घाटन

बरेली: गुरुवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बरेली पहुंचते ही प्रशासनिक अमला हाई अलर्ट पर आ गया। त्रिशूल हवाई अड्डे पर उतरने से लेकर दोपहर 1:25 बजे तक राज्यपाल का दौरा बेहद टाइट शेड्यूल में चला। जहां-जहां काफिला पहुंचा, वहां अफसरों के चेहरे पर बेचैनी साफ दिखी। औपचारिकता से हटकर राज्यपाल ने जमीनी हकीकत टटोली और छोटी-छोटी खामियों पर भी तीखे सवाल दाग दिए।

दिशा इंटर कॉलेज में क्लासरूम तक पहुंचीं राज्यपाल
एयरपोर्ट से सीधे दिशा इंटर कॉलेज पहुंची राज्यपाल ने प्रोटोकॉल तोड़कर क्लासरूम, लाइब्रेरी और संसाधनों का जायजा लिया। बच्चों से सीधी बात की और पढ़ाई का स्तर परखा। विशेष बच्चों की शिक्षा को लेकर उनका रुख बेहद सख्त दिखा। मंच से साफ कहा कि समावेशी शिक्षा सिर्फ फाइलों में नहीं, धरातल पर दिखनी चाहिए। संसाधन मजबूत करो, वरना कार्रवाई तय है। कार्यक्रम में बैठे शिक्षा विभाग के अफसरों और शिक्षाविदों को ये संदेश सीधा-सीधा चेतावनी जैसा था।

संप्रेक्षण गृह में बच्चों की हालत पर ली रिपोर्ट, VVIP मूवमेंट से थमा शहर
इसके बाद किला स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर पहुंचकर राज्यपाल ने बच्चों की सुरक्षा, रहन-सहन और खाने-पीने की व्यवस्थाओं की परत-दर-परत जांच की। रजिस्टर से लेकर किचन तक देखा। सूत्र बताते हैं कि कई खामियों पर मौके पर ही फटकार लगी। अफसर सफाई देते नजर आए।

दोपहर 1:25 बजे राज्यपाल महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय के लिए रवाना हो गईं। वहां शिक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक होनी है। माना जा रहा है कि यहां भी कई अफसरों की क्लास लगेगी।

शाम को रामगंगानगर में लखनऊ पब्लिक स्कूल की नई शाखा का उद्घाटन राज्यपाल करेंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता संतोष गंगवार की मौजूदगी से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

राज्यपाल के दौरे को लेकर पूरे शहर को छावनी में बदल दिया गया। एयरपोर्ट से हर रूट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। रूट डायवर्जन लागू किया गया। अफसरों को साफ हिदायत थी कि सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं होगी। पूरे दिन बरेली में वीवीआईपी मूवमेंट का असर दिखा।

News Category