बरेली में आधी रात व्यापारी पर हमला: गाड़ी रोककर अगवाह करने कि कोशिश,पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
वीर सावरकर नगर चौराहे पर वारदात, CCTV में कैद संदिग्ध; पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
बरेली: शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सैनिक कॉलोनी निवासी थोक व्यापारी तरुण अरोड़ा ने आरोप लगाया है कि 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:52 बजे कुछ बदमाशों ने उन्हें घेरकर जान से मारने और लूटने की कोशिश की। यह घटना वीर सावरकर नगर चौराहे के पास हुई, जहां पहले से गिरोह बनाकर खड़े लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाया।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे, अचानक सड़क पर खड़े 8-10 लोग उनकी कार की ओर दौड़ पड़े और “रोको-मारो, जान से मार दो, लूट लो” जैसी धमकियां देने लगे।
आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी से उतारकर उठाने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घटना यहीं खत्म नहीं हुई। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने कई गाड़ियों से उनका पीछा भी किया, जिनमें एक वाहन का नंबर UP25DL4040 बताया गया है, जबकि एक काले रंग की कार (नंबर के अंतिम अंक 4111) और एक स्विफ्ट डिजायर भी शामिल थी। काफी दूर तक पीछा करने के बाद वह किसी तरह सुरक्षित घर पहुंच पाए।
अगले दिन आसपास के CCTV कैमरों की जांच में सामने आया कि यह गिरोह अक्सर महानगर और राजेंद्र नगर इलाके में सक्रिय रहता है और इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है। पीड़ित ने कुछ आरोपियों की पहचान भी की है, जिनमें अमित शर्मा, सोहेल खान, कुलदीप सक्सेना उर्फ बन्टी और अशोक सक्सेना के नाम शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि इन पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
- Log in to post comments
- 6 views