बरेली में अधिवक्ताओं में जोश: रोटरी भवन में गरजे वकील, नव नियुक्त पदाधिकारियों को मिले प्रमाण पत्र
यूपी बार काउंसिल सदस्य शिरीष मेहरोत्रा और पूर्व जज तेजपाल राणा ने बढ़ाया हौसला, बोले- एकजुटता ही वकीलों की असली ताकत
बरेली चौपला चौराहा स्थित रोटरी भवन में शुक्रवार को एडवोकेट बार एसोसिएशन बरेली का भव्य आयोजन हुआ। सैकड़ों पुरुष और महिला अधिवक्ताओं की मौजूदगी से पूरा परिसर खचाखच भर गया। कार्यक्रम में वकीलों का जोश और एकजुटता देखते ही बनी।
मुख्य अतिथि शिरीष मेहरोत्रा, अध्यक्ष अनिल द्विवेदी रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने की, जबकि संचालन सचिव गौरव सिंह राठौर ने किया। संरक्षक मंडल सदस्य आंगन सिंह और संजय वर्मा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और गरिमा दी। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल सदस्य शिरीष मेहरोत्रा और विशेष अतिथि पूर्व न्यायाधीश तेजपाल राणा का बैज और पुष्प अर्पित कर स्वागत हुआ।
अपने संबोधन में दोनों अतिथियों ने कहा कि न्याय व्यवस्था की रीढ़ अधिवक्ता हैं। संगठन की एकता और आपसी समन्वय से ही वकील समाज को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान किया।
नव पदाधिकारियों को मिले प्रमाण पत्र, वरिष्ठ वकील सम्मानित
कार्यक्रम की बड़ी कड़ी में सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि शिरीष मेहरोत्रा, विशेष अतिथि तेजपाल राणा और अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने प्रमाण पत्र और पहचान पत्र वितरित किए। नव पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने और दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शिरीष मेहरोत्रा, नरेश पाल सिंह, परमार, रशीद, प्रदीप यादव, धरजीत सिंह और शेर सिंह प्रमुख रहे।
महिला अधिवक्ताओं की दमदार मौजूदगी
महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी भी शानदार रही। कविता सक्सेना, चंद्रकली कश्यप, सुची शर्मा, नीरज यादव, पारुल शर्मा, सुषमा माहेश्वरी, शिल्पी और रूबीन समेत तमाम महिला वकीलों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मकसद अधिवक्ताओं के बीच सहयोग, समन्वय और सम्मान की भावना को बढ़ाना था। अंत में सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं का आभार जताया गया।
- Log in to post comments
- 5 views