Skip to main content

लालकुआं में खाद्य विभाग की बड़ी छापेमारी: गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों में मिली गंभीर अनियमितताएं, नोटिस जारी

लालकुआं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों और लंबे समय से चल रही अनियमितताओं के खिलाफ शुक्रवार को लालकुआं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर कई गंभीर खामियां पकड़ीं। कार्रवाई के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार वर्मन के नेतृत्व में टीम ने तहसील लालकुआं स्थित सुरुचि गैस एजेंसी, मस्तान पेट्रोल पंप तथा श्री राम पेट्रोलियम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरुचि गैस एजेंसी और मस्तान पेट्रोल पंप में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने दोनों फर्मों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में मिली खामियों को गंभीरता से लिया गया है। यदि संबंधित प्रतिष्ठानों की ओर से नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि विभाग को लंबे समय से उपभोक्ताओं की ओर से सेवाओं में लापरवाही, तय कीमत से अधिक वसूली और नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिल रही थीं। खासतौर पर सुरुचि गैस एजेंसी पर गैस से जुड़े सामानों को बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने के आरोप लग रहे थे। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी कर्मचारियों द्वारा मनमानी वसूली की जा रही थी, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।

विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा होगी और अनियमितताओं पर लगाम लगेगी।

निरीक्षण टीम में विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक ए.के. सिंह तथा क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत भी शामिल रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।