Skip to main content

बरेली: ठग चर्चित फर्जी IAS विप्रा शर्मा और बहनों पर कसेगा गैंगस्टर का शिकंजा, 12 मुकदमे दर्ज, जेल में रहते ही होगी कार्रवाई

सरकारी नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी, 56 लाख फ्रीज, 4.5 लाख कैश और फर्जी दस्तावेज बरामद, पुलिस अब कुंडली खंगाल रही है 

बरेली: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाली फर्जी IAS विप्रा शर्मा और उसकी बहनों को जल्द राहत मिलती नहीं दिख रही। बरेली पुलिस अब तीनों बहनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों बहनें गिरोह बनाकर ठगी का काम कर रही थीं। जेल में रहने के दौरान ही इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल विप्रा शर्मा, उसकी बहन शिखा शर्मा और ममेरी बहन दीक्षा पाठक में से किसी को भी जमानत नहीं मिली है।

12 मुकदमे दर्ज, पिता और ड्राइवर भी नामजद
बारादरी और सुभाष नगर थानों में तीनों बहनों के खिलाफ कुल 12 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसमें 10 मुकदमे बारादरी और 2 मुकदमे सुभाष नगर थाने में दर्ज हैं। सभी मुकदमों में विप्रा और उसकी बहनों को नामजद किया गया है। एक केस में विप्रा के ड्राइवर और दूसरे में पिता को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अब विप्रा के पिता और ड्राइवर की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि तीनों बहनें संगठित तरीके से लोगों को ठग रही थीं, इसलिए गैंगस्टर एक्ट लगाना आसान होगा। इसके लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रीति लायल की शिकायत से खुला ठगी का राज
ठगी के इस रैकेट का पर्दाफाश बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रीति लायल की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया था कि विप्रा शर्मा और उसकी बहनों ने खुद को IAS बताकर उनसे और उनके साथियों से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये ठग लिए।

शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों बहनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद धीरे-धीरे अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे। पुलिस ने बैंक खातों की जांच में 56 लाख रुपये फ्रीज कराए और 4.50 लाख रुपये नकद बरामद किया। इसके अलावा एक एसयूवी कार और तमाम फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं।

पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस अब तीनों बहनों के पूरे नेटवर्क और उनके संपर्कों की कुंडली खंगाल रही है। बरामद दस्तावेजों और बैंक ट्रांजैक्शन से यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल था। फिलहाल तीनों बहनें जेल में बंद हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

News Category