Skip to main content

बरेली-बदायूं हाईवे पर भीषण हादसा: पिकअप ने ईंटों से भरी ट्रॉली को मारी टक्कर, ट्रॉली पर बैठा मजदूर उछलकर गिरा, मौके पर मौत

बिनावर क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से मारी टक्कर, चालक मौके से फरार, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बरेली-बदायूं हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। बिनावर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पर बैठा मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इकराम नगर गोंटिया के पास हुआ हादसा, चालक फरार
जानकारी के अनुसार बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सिरोही निवासी राजवीर, 26 वर्ष, पुत्र विष्णु दयाल, ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह गांव के ही चांद खां के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर ईंट लेकर बदायूं जा रहा था। ट्रैक्टर चालक चांद खां बिलहत स्थित भट्ठे से ईंट भरकर छोटे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं की ओर निकले थे।

मालगांव फाटक पार करने के बाद बरेली-बदायूं हाईवे पर गांव इकराम नगर गोंटिया के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मौके पर मचा कोहराम, एक मजदूर बाल-बाल बचा
टक्कर लगते ही ट्रॉली पर बैठा राजवीर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉली पर मौजूद दूसरा मजदूर सानू इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 112 और थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और गांव की महिलाएं घटनास्थल पर पहुंच गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।

News Category