जौनपुर में मां वैष्णव देवी दरबार तियरी धाम में भव्य धार्मिक आयोजन, त्रिपिंडी स्वरूप का दिव्य अभिषेक संपन्न
RGANews Jaunpur
जौनपुर: मां वैष्णव देवी जौनपुर ट्रस्ट तियरी द्वारा ट्रस्टी पवन पाठक एवं समस्त सहयोगियों के नेतृत्व में अष्टमी के पावन अवसर पर 10 मई को मां वैष्णव देवी की त्रिपिंडी स्वरूप महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती एवं प्रकृतेश्वरी भगवती का भव्य अभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।
इस दौरान विभिन्न प्रकार की औषधियों, सुगंधित द्रव्यों एवं पंचामृत से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत अभिषेक किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
ट्रस्ट द्वारा जानकारी दी गई कि 11 मई को प्रत्येक वर्ष की भांति स्थापना दिवस एवं वर्धमान दिवस के अवसर पर वैष्णव माता प्रांगण दरबार तियरी जौनपुर धाम में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसके उपरांत 12 मई को विशाल महाभंडारे का आयोजन होगा, जिसमें जौनपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मान्यता है कि त्रिकुटा पर्वत से आई माता के इस दिव्य त्रिपिंडी स्वरूप के दर्शन मात्र से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। जौनपुर सहित पूरे पूर्वांचल के लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य मानते हैं।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्वांचलवासियों को सरलता से माता वैष्णव देवी के दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मां वैष्णव देवी अपनी कृपा और करुणा बरसाने हेतु तियरी धाम में अस्थायी रूप से विराजमान हैं। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दर्शन-पूजन एवं महाभंडारे में शामिल होने की अपील की गई है।
- Log in to post comments
- 6 views