बरेली: वक्फ कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे की कोशिश, मुतावल्ली ने SSP को लिखा पत्र, पुलिस सिपाही पर धमकाने और कब्जे में मदद के गंभीर आरोप
खसरा नं. 512 की वक्फ भूमि पर अवैध दुकान निर्माण का दावा, मुतावल्ली बोले- सिपाही ने ईंटें हटाने को कहा, जेल भेजने की धमकी दी, वीडियो फुटेज होने का खुलासा
बरेली के कुहाड़ापीर पेट्रोल पंप से कुदेशिया पुल मार्ग पर स्थित वक्फ कब्रिस्तान की जमीन को लेकर नया विवाद सामने आया है। मुतावल्ली मोहम्मद समीर और मोहम्मद आलम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को पत्र सौंपकर जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश और पुलिसकर्मी द्वारा धमकाने का आरोप लगाया है।
वक्फ बोर्ड में पंजीकृत जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, रोड चौड़ीकरण के बीच बढ़ा तनाव
मुतावल्ली के मुताबिक, खसरा नंबर 512 स्थित मोहल्ला बानखाना, कुहाड़ापीर का कब्रिस्तान उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ में वक्फ संख्या 522 के रूप में दर्ज है। इस मार्ग पर चौड़ीकरण का क़ाम चल रहा है। नगर निगम ने कब्रिस्तान से सटी अवैध दुकानों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी।
आरोप है कि कुछ दुकानदार कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कर दुकानें बनाने की कोशिश में हैं। मुतावल्ली का कहना है कि कब्रिस्तान के पीछे कच्ची-पक्की कब्रें और मजारात हैं। कब्रिस्तान के पास बिरयानी बेचने वाले द्वारा हड्डी और कचरा फेंकने से कब्रों को नुकसान पहुंचने और राहगीरों को परेशानी होने की बात भी पत्र में कही गई है।
पुलिसकर्मी पर धमकाने और कब्जे में सहयोग का आरोप, वीडियो फुटेज का दावा
मुतावल्ली ने पत्र में लिखा कि 28 अप्रैल 2026 को कुछ लोग पुलिस के साथ आकर धमकाने लगे। इसके बाद 10 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे एक सिपाही कब्रिस्तान पहुंचा और ईंटें न हटाने पर जेल भेजने की धमकी दी। मुतावल्ली ने कहा कि उनके पास पूरी वीडियो फुटेज और फोटो मौजूद हैं। पत्र में सिपाही विनय पंवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
मुतावल्ली ने बताया कि इस संबंध में पहले जिलाधिकारी बरेली और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रार्थना पत्र भेजा जा चुका है।
पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
बरेली पुलिस आश्वासन दिया है नियमों अनुसार कार्यवाही की जाएगी वक्फ बोर्ड के कागजात और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- Log in to post comments
- 7 views