Skip to main content

बदायूं: कोर्ट के गार्ड रूम में चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत, एक माह पहले हुआ था तबादला; पिता हैं दरोगा

बदायूं जिला न्यायालय परिसर में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी फैल गई, जब गार्ड रूम के भीतर चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। न्यायालय कर्मचारियों ने जब चौकीदार को बेसुध हालत में देखा तो परिसर में चर्चा फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और चौकीदार को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं पर भी गहन जांच की जा रही है।

गार्ड रूम में अचेत पड़ा था सुधीर
घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय परिसर की है। यहां चौकीदार के पद पर तैनात बरेली जिले के थाना सुभाषनगर क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय सुधीर कुमार पुत्र महेंद्र पाल सोमवार शाम गार्ड रूम में मृत अवस्था में मिले। बताया जाता है कि देर शाम तक जब वह बाहर नहीं निकले तो वहां मौजूद कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने गार्ड रूम में जाकर देखा तो सुधीर अचेत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद तत्काल पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी गई।

जांच तेज करने के आदेश
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सुधीर को जिला अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा भी न्यायालय परिसर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से जानकारी लेकर जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं फॉरेंसिक टीम ने गार्ड रूम के भीतर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मौके की फोटोग्राफी व अन्य तकनीकी जांच भी की। पुलिस आसपास मौजूद कर्मचारियों और न्यायालय परिसर में तैनात कर्मियों से पूछताछ कर रही है।

एक माह पहले ही बदायूं आए थे सुधीर
जानकारी के मुताबिक सुधीर कुमार का करीब एक माह पहले ही सहसवान न्यायालय से बदायूं स्थानांतरण हुआ था। इससे पहले वह सहसवान में तैनात थे और वहीं पत्नी के साथ रहते थे। बदायूं आने के बाद वह न्यायालय परिसर में ड्यूटी कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से साथी कर्मचारियों में भी शोक और हैरानी का माहौल है।

वर्ष 2023 में लगी नौकरी, 2024 में हुई थी शादी
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि सुधीर कुमार के पिता महेंद्र पाल उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं और वर्तमान में शाहजहांपुर में तैनात हैं। सुधीर अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी नौकरी वर्ष 2023 में लगी थी, जबकि वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। परिवार को जैसे ही मौत की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में बदायूं पहुंचे और घटना को लेकर गहरा दुख जताया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों को लेकर हर पहलू पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस का बयान
न्यायालय परिसर से एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का कारण पता लग सकेगा। -अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी बदायूं 

News Category