Skip to main content

बरेली: आंधी का तांडव‌ पेड़ के नीचे दबकर छात्रा और बुजुर्ग महिला की मौत, 4 स्कूल बसें चकनाचूर

70 किमी की रफ्तार से चली हवाओं ने मचाई तबाही, सैकड़ों पेड़-खंभे धराशायी, बिजली गुल, टेंपो पर गिरा पेड़-यात्री घायल

बरेली: बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे आई तेज आंधी ने बरेली में मौत और तबाही का मंजर छोड़ दिया। भमोरा में आम का पेड़ गिरने से कक्षा सात की छात्रा देवकी और नितोई गांव में दीवार से ईंटें गिरने से बुजुर्ग महिला गोमती की मौके पर ही मौत हो गई।

स्कूल बसें पिचकीं, मवेशी मरे, रम्पुरा-अलीगंज रोड जाम
भमोरा कस्बे में तेज हवाओं से पेड़ गिरने पर दो स्कूलों की 4 बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि बसों में बच्चे नहीं थे। सरदारनगर और नौगवां ठकुरान में पेड़ गिरने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई।

बिशारतगंज इलाके में रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर टेंपो पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया और घंटों जाम लगा रहा। आंवला सड़क पर विशाल साइन बोर्ड गिर गया, जिसे पुलिस ने क्रेन से हटाकर ट्रैफिक चालू कराया। गोमती अपनी बेटी के घर जा रही थीं, तभी लकड़ी की बल्ली से दीवार टूटी और हादसा हो गया।

दूसरे दिन भी आंधी-बारिश का कहर, 14 मई से मौसम होगा शुष्क
जिले के कई इलाकों में बिजली के खंभे टूटने से सप्लाई ठप हो गई। मंगलवार को भी आंधी-बारिश हुई थी। 24 घंटे में तापमान 35°C से गिरकर 32°C पर आ गया। मंगलवार को 11.8 MM बारिश दर्ज हुई और हवा की रफ्तार 70-75 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्य भाग पर बने चक्रवात और पुरवा-पछुआ हवाओं के टकराव से यह हालात बने। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बादल और हल्की बारिश का अलर्ट दिया है, लेकिन 14 मई से मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।

News Category