उत्तराखंड कर्मचारियों-पेंशनरों को धामी सरकार का बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में की बढ़ोतरी
देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ते (DA) की दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। सरकार की ओर से पुलिस आवास, पार्किंग और अन्य निर्माण कार्यों के लिए धनराशि मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री द्वारा चम्पावत जिले के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-2 के छह आवासों और चाहरदीवारी निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं थाना रीठासाहिब में टाइप-2 के छह और टाइप-3 के एक आवास निर्माण के लिए 3.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा हल्द्वानी स्थित फायर स्टेशन में टाइप-2 के 64, टाइप-3 के 8 और टाइप-4 के 4 आवासों के निर्माण के लिए 36.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये और चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए 61.57 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
राज्य सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, वहीं विकास योजनाओं को मिली मंजूरी से विभिन्न जिलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
- Log in to post comments
- 6 views