Skip to main content

मुरादाबाद: दूसरी बेगम बनी लुटेरी’, प्रेमी संग मिलकर उड़ाए 6 लाख के जेवर-नकदी, पति बोला- ‘पुलिस कर रही अनदेखी

मुरादाबाद में दूसरी बेगम बनी लुटेरी’, प्रेमी संग मिलकर उड़ाए 6 लाख के जेवर-नकदी, पति बोला- ‘पुलिस कर रही अनदेखी’

‘बच्चों को नशा देकर बुलाती थी आशिक’, व्हाट्सएप पर तमंचे के साथ फोटो डालकर दे रहा धमकी- SSP से FIR की गुहार

मुरादाबाद:  भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मोहब्बतपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर घर से 2 लाख कैश और 4 लाख के जेवर चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित छोटे अली का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सिर्फ शांतिभंग में चालान कर मामला दबा दिया। अब आरोपी व्हाट्सएप पर तमंचे के साथ स्टेटस लगाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

डेढ़ साल पहले हुआ था निकाह, 6 महीने बाद बदल गई नीयत
पीड़ित छोटे अली ने बताया कि डेढ़ साल पहले पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी। तीन बच्चों की परवरिश के लिए उसने डिलारी थाना क्षेत्र के सलेम सराय निवासी तलाकशुदा मुस्कान पुत्री हनीफ से दूसरा निकाह किया। निकाह के 6 महीने तक सब ठीक चला। इसके बाद मुस्कान का अपने पूर्व पति अनस पुत्र उरमान, निवासी लालूवाला भोजपुर से दोबारा संपर्क हो गया।

‘बच्चों को सुलाकर बुलाती थी प्रेमी को घर’
छोटे अली का आरोप है कि जब वह मजदूरी करने बाहर जाता था, तो मुस्कान तीनों बच्चों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर सुला देती थी। इसके बाद अनस को घर बुलाकर रात बिताती थी। मना करने पर मुस्कान के मायके वालों ने भी धमकाकर चुप करा दिया।

4 अप्रैल को दिया वारदात को अंजाम, 6 लाख लेकर फरार
पीड़ित के मुताबिक 4 अप्रैल 2026 को वह खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान मुस्कान ने अनस को फोन कर गांव के बाहर बुलाया। मौका पाकर मुस्कान घर में रखे 2 लाख रुपये नकद और करीब 4 लाख के सोने-चांदी के जेवर लेकर अनस के साथ बाइक से फरार हो गई।

थाने से SSP तक लगाई गुहार, पुलिस ने की खानापूर्ति
छोटे अली ने 6 अप्रैल को थाना भोजपुर व इस्लामनगर चौकी में तहरीर दी। कार्रवाई न होने पर 8 अप्रैल को SSP मुरादाबाद को शिकायती पत्र सौंपा। आरोप है कि भोजपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय सिर्फ अनस का शांतिभंग में चालान कर दिया।

‘तमंचे के साथ फोटो भेजकर दे रहा धमकी’
पीड़ित का कहना है कि चालान के बाद अनस के हौसले और बढ़ गए हैं। वह लगातार व्हाट्सएप पर अवैध तमंचे के साथ फोटो और स्टेटस लगाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा है। झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। छोटे अली ने बताया कि उसके पास धमकी के सभी ऑडियो-वीडियो और स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर मौजूद हैं।

SSP से लगाई FIR की गुहार
छोटे अली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उसका कहना है कि पुलिस की उदासीनता से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और उसके परिवार को खतरा है।

News Category