BAMS की छात्रा को जबरन कार में बैठाने की कोशिश, लड़की ने एक घर में घुसकर बचाई इज्जत
गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में एक बीएएमएस की छात्रा के साथ सरेराह छेड़खानी की गई। कार सवार मनचले ने छात्रा को अश्लील इशारे करते हुए कार में बैठने के लिए कहा। डर की वजह से छात्रा एक घर में घुस गई लेकिन आरोपित उसे घूरता रहा। पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। घटना से डरी पीड़िता कॉलेज नहीं जाना चाहती है।
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में कार सवार मनचले ने बीएएमएस छात्रा से सरेराह छेड़खानी की। छात्रा को कार में बैठने का इशारा किया।
डर की वजह से छात्रा एक घर में घुस गई, लेकिन आरोपित उसे घूरता रहा। पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। कविनगर थाना क्षेत्र निवासी युवती बीएएमएस अंतिम वर्ष की छात्रा है।
मनचले ने छात्रा से कार में बैठने के लिए कहा
छात्रा हापुड़ के एक कॉलेज से पढ़ाई कर रही है। बृहस्पतिवार को छात्रा हापुड़ रोड पर गोविंदपुरम पुलिस चौकी के पास आटो से उतरकर घर जा रही थी। रास्ते में एक कार सवार युवक ने छात्रा के साथ छेड़खानी की।
अश्लील इशारे करने के साथ ही छात्रा से कार में बैठने के लिए कहा। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी।
डर की वजह से एक मकान में घुस गई छात्रा
पीड़िता डर की वजह से एक मकान में घुस गई। जिस मकान में छात्रा घुसी वहां रहने वाले व्यक्ति ने भी कार सवार से पीछा करने और घूरने का विरोध किया, लेकिन आरोपित नहीं मना। इसके बाद आरोपित कुछ देर में वहां से चला गया।
'मैं कॉलेज नहीं जाऊंगी'
पीड़िता के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि घटना के बाद से उनकी बेटी डर गई है। वह कॉलेज जाने से भी मना कर रही है।
पीड़ित की शिकायत पर कार नंबर के आधार पर कविनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को तलाश कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
- Log in to post comments